Home Guard Recruitment: दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने 10,285 नए होम गार्ड वॉलेंटियर्स (Home Guard Recruitment) की भर्ती की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता की. इस बैठक में उन्होंने अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया की समय सीमा को जून 2024 से घटाकर मार्च 2024 करने, चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, पूर्व-सीडीवी को 10 बोनस अंक प्रदान करने, शारीरिक परीक्षण प्रक्रिया को अधिक स्थानों और अधिक टीमों की निगरानी में त्वरित तौर पर करवा कर संपूर्ण भर्ती प्रक्रिया को तेज गति से पूरा करने का निर्देश दिए.
वीके सक्सेना ने यह भी निर्देश दिए कि होम गार्ड में भर्ती के लिए आयु सीमा को अन्य राज्यों में अधिकतम आयु सीमा के अनुरूप, मौजूदा 60 वर्ष से घटाकर 45 वर्ष किया जाए. साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि भर्ती कर्मी नियमित पुलिस बल के सहायक बल के अनूरूप हों. दिल्ली पुलिस में कांस्टेबलों की नियुक्ति के लिए आवश्यक न्यूनतम योग्यता के अनुरूप भर्ती के लिए न्यूनतम योग्यता भी दसवीं कक्षा से बढ़ाकर बारहवीं कक्षा कर दी गई है. सीडीवी (Civil Defense Volunteers) को अवसर प्रदान करने के लिए एक विशेष उपाय के रूप में, सक्सेना ने निर्देश दिया है कि प्राथमिकता के आधार पर चयन के उद्देश्य से उन्हें 10 अतिरिक्त अंक प्रदान किए जाएं.
जिला प्रशासन, दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के एक-एक वरिष्ठ अधिकारी की 15 टीमें 10 स्थानों पर आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की शारीरिक दक्षता का आकलन करने के लिए बोर्ड के रूप में काम करेंगी. इससे यह सुनिश्चित होगा कि चयन और स्क्रीनिंग प्रक्रिया तेजी से पूरी हो. पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए इस पूरी प्रक्रिया की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से वीडियोग्राफी की जाएगी.
एक बार जब उम्मीदवार शारीरिक दक्षता परीक्षा पास कर लेंगे तो वे कंप्यूटर आधारित प्रवेश परीक्षा (सीबीटी) के लिए पात्र हो जाएंगे. जल्द ही विज्ञापन जारी होने के साथ भर्ती प्रक्रिया के शुरू होने की उम्मीद है. शारीरिक माप और दक्षता परीक्षण (पीएमईटी) फरवरी, 2024 के पहले सप्ताह में शुरू होगा. पीएमईटी के बाद सीबीटी पूरा किया जाएगा और अंतिम परिणाम मार्च, 2024 तक जारी किए जाएंगे. एक बार भर्ती होने के बाद, इन होम गार्ड वॉलेंटियर्स को लगभग 25,000 रुपये प्रति माह मिलेंगे.
और पढ़ें: Samsung Galaxy A25 5G Smartphone-लॉन्च से पहले ही हो रहा है धमाल!